
Coal Mine Accident In Assam: असम के दीमा हसाओ जिले के उमरांगसो इलाके में सोमवार को एक कोयला खदान में पानी भर जाने से 15-20मजदूर फंस गए। हादसा तीन किलो क्षेत्र की 300फीट गहरी कोयला खदान में हुआ। भारतीय सेना ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर बचाव कार्य शुरू किया। विशेषज्ञ उपकरणों और कुशल कर्मियों की मदद से राहत अभियान तेज़ी से चल रहा है। जल्द ही फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की उम्मीद है।
नौसेना के गोताखोर भी जुड़ेंगे
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि खदान के अंदर स्थिति गंभीर है। पानी का स्तर 100फीट तक पहुंच चुका है। इस चुनौती को देखते हुए विशाखापत्तनम से नौसेना के गोताखोरों को बुलाया गया है। गोताखोर जल्द घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करेंगे।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ले. कर्नल महेंद्र सिंह रावत ने जानकारी दी कि सेना की विशेष राहत टीम उमरांगसो पहुंच गई है। टीम में गोताखोर, इंजीनियर, मेडिकल स्टाफ और असम राइफल्स के कर्मचारी शामिल हैं। पानी निकालने के लिए दो मोटर पंप लगाए गए हैं, ताकि बचाव कार्य में मदद मिल सके।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री सरमा ने सेना और अन्य बचाव दल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "हम अपने मजदूरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"
मजदूरों की पहचान हुई
फंसे हुए मजदूरों में गंगा बहादुर श्रेथ, हुसैन अली, जाकिर हुसैन, सरपा बर्मन, मुस्तफा शेख, खुशी मोहन राय, संजीत सरकार, लिजान मगर और सरत गोयारी के नाम शामिल हैं।यह हादसा खनन क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की कमी पर सवाल खड़े करता है। सेना और प्रशासन की सक्रियता से मजदूरों को जल्द बचाए जाने की उम्मीद है।
Leave a comment