साल के आखिरी दिन ISRO स्पेस में लगाने वाला है लंबी छलांग, जानें क्या है SpaDeX मिशन?

साल के आखिरी दिन ISRO स्पेस में लगाने वाला है लंबी छलांग, जानें क्या है SpaDeX मिशन?

ISRO Launch Two Satellites: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आज सोमवार की रात को दो उपग्रहों को लॉन्च करेगा। इन उपग्रहों का मकसद अंतरिक्ष में जोड़ने और अलग करने (डॉकिंग और अनडॉकिंग) की तकनीक का परीक्षण करना है। ऐसे में अगर ये परीक्षण सफल हो जाता है तो भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।

इस मिशन के तहत इसरो का प्रमुख रॉकेट 'पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल' (पीएसएलवी) दो उपग्रहों एसडीएक्स01 और एसडीएक्स02 को 476 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित कक्षा (ऑर्बिट) में स्थापित करेगा। इसके बाद इन उपग्रहों के माध्यम से 'स्पेस डॉकिंग एक्सपरिमेंट'(स्पेडेक्स) जनवरी के पहले हफ्ते से किया जाएगा।

मिशन को लेकर प्रौद्योगिकी मंत्री ने दी जानकारी

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा 'यह मिशन भारत को उन देशों के समूह में शामिल करेगा। जो अंतरिक्ष में डॉकिंग तकनीक को सफलतापूर्वक उपयोग में ला चुके हैं। यह मिशन भारत के भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। जिसमें चांद से मिट्टी और पत्थरों को धरती पर लाना, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (बीआईएस) बनाना और चांद पर अंतरिक्ष यात्री भेजना शामिल है। 

स्पेडेक्स मिशन का उद्देश्य क्या है?

ISRO के एक अधिकारी की मानें तो स्पेडेक्स मिशन का मुख्य उद्देश्य दो छोटे उपग्रहों (एसडीएक्स01 और एसडीएक्स02) की डॉकिंग और अनडॉकिंग की तकनीक विकसित करना है। जो एक धरती की निचली कक्षा (लो-अर्थ ऑर्बिट) में एक साथ जुड़ेंगे।

तो वहीं, मिशन का दूसरा मकसद यह साबित करना है कि डॉक किए गए उपग्रहों के बीच बिजली का स्थानांतरण (ट्रांसफर) कैसे किया जा सकता है। यह भविष्य में अंतरिक्ष रोबोटिक्स और अंतरिक्ष कार्यों को नियंत्रित करने के लिए महत्वपूर्ण होगा। 

क्या है SpaDeX01 उपग्रह?

बता दें, SpaDeX01 उपग्रह हाई रेजोल्यूशन कैमरा (HRC) से लैस है। वहीं, एसडीएक्स02 में दो पेलोड मिनिएचर मल्टीस्पेक्ट्रल (MMX) पेलोड और रेडिएशन मॉनिटर (रेडमॉन) हैं। इसरो ने कहा कि ये पेलोड उच्च-रिज़ॉल्यूशन वाली तस्वीरें, प्राकृतिक संसाधन निगरानी, ​​वनस्पति अध्ययन और कक्षा में विकिरण पर्यावरण माप प्रदान करेंगे। जिनका आगे मिशन में प्रयोग किया जा सकता है।  

Leave a comment