NHRC: कांग्रेस ने मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष नियुक्ति पर जताई आपत्ति, कहा- चयन में आम सहमति की हुई अनदेखी

NHRC: कांग्रेस ने मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष नियुक्ति पर जताई आपत्ति, कहा- चयन में आम सहमति की हुई अनदेखी

नई दिल्लीराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के नए अध्यक्ष और सदस्यों के चयन पर विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने असहमति जताई है। उनका कहना है कि चयन की प्रक्रिया पहले से तय थी और इसमें आम सहमति की अनदेखी की गई है।

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश वी राम सुब्रमण्यम को NHRCका नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे इस पद के लिए न्यायमूर्ति रोहिंटन फली नरीमन और न्यायमूर्ति कुट्टियिल मैथ्यू जोसेफ के नामों की सिफारिश कर चुके थे।

विपक्ष ने चयन समिति की प्रक्रिया पर उठाए सवाल

NHRCके अध्यक्ष, अरुण कुमार मिश्रा का कार्यकाल जून में समाप्त हो गया था। इसके बाद से यह पद खाली पड़ा था। नए अध्यक्ष और सदस्यों के चयन के लिए 18दिसंबर को संसद में चयन समिति की बैठक हुई थी। इसमें राहुल गांधी और खरगे ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यह पूरी तरह से पूर्व निर्धारित थी और इसमें आपसी परामर्श की बजाय बहुमत के आधार पर निर्णय लिया गया। इससे आयोग की निष्पक्षता पर असर पड़ सकता है।

राहुल गांधी और खरगे ने कहा कि NHRCका मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों और खासकर हाशिए पर पड़े वर्गों के मानवाधिकारों की रक्षा करना है। इसके लिए आयोग की संरचना में समावेशिता और प्रतिनिधित्व होना चाहिए। उन्होंने न्यायमूर्ति नरीमन और न्यायमूर्ति जोसेफ को इस पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बताया।

नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल

खरगे ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बहुमत के आधार पर नामों पर मुहर लगाना गलत था। उनका कहना था कि जिन नामों का प्रस्ताव किया गया था, वे आयोग के सिद्धांतों के अनुरूप थे। इन नामों की अनदेखी करने से प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह उत्पन्न होता है।

NHRCअध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया

NHRCअध्यक्ष की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा चयन समिति की सिफारिश पर की जाती है। इस समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, गृह मंत्री और विपक्ष के नेता शामिल होते हैं। 18 दिसंबर को हुई बैठक के बाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) वी. रामासुब्रमण्यन को NHRCका अध्यक्ष नियुक्त किया। साथ ही, प्रियांक कानूनगो और न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बिद्युत रंजन सारंगी को सदस्य नियुक्त किया गया।

Leave a comment