Arshdeep Singh: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। अर्शदीप न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले में 10 ओवर में 70 रन देकर चार विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद शमी जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खास क्लब में जगह बना ली है।
न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट के दौरान चार विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों की सूची में अब अर्शदीप सिंह का नाम भी शामिल हो गया है। उनसे पहले जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद शमी यह कारनामा कर चुके हैं। न्यूजीलैंड में किसी भारतीय तेज गेंदबाज के सर्वश्रेष्ठ वनडे स्पेल की बात करें तो जवागल श्रीनाथ इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने 2003 में ऑकलैंड में 4 विकेट देकर 23 रन बनाए थे। वहीं, 1995 में नेपियर में उन्होंने 4/52 का प्रदर्शन किया था। मोहम्मद शमी ने 2014 में नेपियर में 4/55 विकेट हासिल किए थे। अर्शदीप ने पहले वनडे में 4/70 के आंकड़े दर्ज किए। इस तरह उनका प्रदर्शन न्यूजीलैंड में किसी भारतीय तेज गेंदबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ स्पेल रहा।
पांच विकेट लेने से चूके अर्शदीप
अर्शदीप सिंह के पास इस मुकाबले में पांच विकेट लेने का भी मौका था। अगर वह एक और विकेट हासिल कर लेते तो न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाते। उनसे पहले अनिल कुंबले ने 1994 में वेलिंगटन में 5/33 का शानदार स्पेल किया था।
मैच के बाद अर्शदीप ने भी पांचवां विकेट नहीं मिलने पर मजाकिया अंदाज में अपनी निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनका पसंदीदा विकेट पांचवां होता, जो उन्हें नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि वह अभी भी अपने पांचवें विकेट की तलाश में हैं।
न्यूजीलैंड की पिच और मौसम को लेकर क्या बोले अर्शदीप?
अपनी गेंदबाजी को लेकर अर्शदीप ने कहा कि न्यूजीलैंड की पिच पर अच्छी मूवमेंट और परचेज था। भारतीय उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से आने के बाद ऐसी पिच पर गेंदबाजी करना उनके लिए मजेदार रहा। उन्होंने बताया कि मौसम और हवा ने भी गेंदबाजों की मदद की। अर्शदीप के मुताबिक, भारतीय गेंदबाजों ने सीम पर जोर देने और पिच से मिलने वाली मदद का फायदा उठाने की कोशिश की। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भी कुछ शॉट खेलने की कोशिश की, जिसका फायदा भारतीय टीम को विकेट के रूप में मिला।
गर्लफ्रेंड समरीन कौर के लिए किया खास डांस सेलिब्रेशन
अर्शदीप सिंह अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ मैदान पर किए गए डांस सेलिब्रेशन को लेकर भी चर्चा में रहे। काइल जैमीसन का विकेट लेने के बाद उन्होंने खास अंदाज में डांस किया। मैच के बाद जब उनसे इस सेलिब्रेशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह उनकी गर्लफ्रेंड समरीन कौर के लिए था। अर्शदीप ने कहा कि वे दोनों बाहर घूमने के दौरान इस तरह के डांस स्टेप करते हैं। जब भी उनका मूड थोड़ा खराब होता है तो वे इस तरह के सेलिब्रेशन से एक-दूसरे को खुश करने की कोशिश करते हैं।
भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 185 रन पर समेटा
ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को दबाव में रखा और पूरी टीम को 185 रन पर रोक दिया। अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, गुरनूर बरार ने 9.2 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट और अंशुल कंबोज ने 10 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए।