IND vs AFG 1st ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला में 13 जून को खेले जाने वाले पहले वनडे मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच Morne Morkel ने टीम की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि स्टार बल्लेबाज Virat Kohli की गैरमौजूदगी टीम को जरूर महसूस होगी, लेकिन यह युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर भी है। धर्मशाला में मीडिया से बातचीत के दौरान मोर्कल ने कहा कि कोहली लंबे समय से भारतीय बल्लेबाजी क्रम की मजबूत कड़ी रहे हैं। उनका अनुभव टीम के लिए काफी अहम रहा है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और युवा खिलाड़ी इस मौके का पूरा फायदा उठा सकते हैं।
बल्लेबाजों के पास मौका
उन्होंने कहा कि ईशान किशन, के. एल राहुल और यशस्वी जैस्वाल जैसे बल्लेबाजों के पास अपनी क्षमता दिखाने का अच्छा मौका है। ये खिलाड़ी टीम में अपनी जगह और भूमिका को और मजबूत बना सकते हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के विकल्प को लेकर पूछे गए सवाल पर मोर्कल ने कहा कि टीम प्रबंधन भविष्य की तैयारी पर भी ध्यान दे रहा है। 2027 विश्व कप और दक्षिण अफ्रीका दौरे को देखते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है। इसी सोच के तहत गुरनूर बरार और प्रिंस यादव जैसे युवा तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल किया गया है।
हार्दिक पंड्या की भूमिका महत्वपूर्ण- मोर्कल
मोर्कल ने ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की भूमिका को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हार्दिक बल्ले और गेंद दोनों से टीम को संतुलन देते हैं। उनके जैसा खिलाड़ी मिलना आसान नहीं है, लेकिन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करना भी जरूरी है। अफगानिस्तान को लेकर मोर्कल ने कहा कि भारतीय टीम किसी भी तरह से विपक्ष को हल्के में नहीं ले रही है। उन्होंने याद दिलाया कि अफगानिस्तान ने हाल के वर्षों में कई मजबूत टीमों को चुनौती दी है। टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और वे अब पहले से ज्यादा परिपक्व नजर आते हैं।
भारतीय टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार
मौसम को लेकर उन्होंने कहा कि धर्मशाला में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है और मैच के दिन भी मौसम चर्चा का विषय बना हुआ है। फिर भी भारतीय टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार है। भारत की नजर इस मुकाबले में जीत के साथ शुरुआत करने पर होगी, जबकि टीम प्रबंधन भविष्य के लिए मजबूत खिलाड़ियों का समूह तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है।
Also read: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन का इंटरनेशनल क्रिकेट से अचानक संन्यास, दुनिया हुई हैरान