Indias Got Latent 2 Controversy: कॉमेडी के मंच पर कभी-कभी एक मजाक ऐसा हो जाता है, जो हंसी के बीच कई सवाल खड़े कर देता है। इन दिनों समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' कुछ ऐसे ही कारणों से चर्चा में है। इस बार शो में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी पहुंचीं, उनके साथ कृष्णा अभिषेक समेत कई जाने-पहचाने चेहरे भी नजर आए। एपिसोड के दौरान समय रैना के एक मजाक ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। शो में एक कंटेस्टेंट आईं, जिन्होंने अपना नाम सलमा दीवानी बताया। उनसे बातचीत शुरू करते ही समय ने कजिन से जुड़ा ऐसा मजाक किया, जिसने हुमा को असहज कर दिया।
मजाक के बाद हुमा काफी असहज हो गई
दरअसल, जब समय रैना ने सलमा से पूछा कि वह शो में किसके साथ आई हैं, तो उन्होंने बताया कि उनके 'कजिन' साथ आए हैं। हुमा कुरैशी ने जब उनके कजिन के बारे में पूछा, तो समय ने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा कि वह असल में उनके हसबैंड हैं। समय ने ये मजाक मुस्लिम धर्म में कजिन भाई-बहन की शादी को लेकर किया था। इस मजाक के बाद पैनल में हंसी-मजाक तो हुआ, लेकिन इसी पल को लेकर अब रेडिट पर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। रेडिट पर एक पोस्ट में खुद को शो का दर्शक बताने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि समय के इस मजाक के बाद हुमा काफी असहज हो गई थीं।
Also read: अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' पर प्रॉपर्टी विवाद! भाई की पत्नी ने जया बच्चन पर उठाए सवाल
इस बात पर पूरे पैनल ने खड़े होकर तालियां बजाईं
पोस्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस कथित तौर पर इतनी परेशान हो गईं कि शो छोड़ने के बारे में सोचने लगी थीं। दावा यह भी है कि कृष्णा अभिषेक ने बीच में आकर उन्हें संभाला और शांत करने की कोशिश की।हालांकि, चर्चा सिर्फ इस पल तक सीमित नहीं है। कंटेस्टेंट सलमा दीवानी अपने दमदार प्रदर्शन से इंटरनेट की नई पसंदीदा बन गई हैं। गुलाबी कुर्ते और हरे दुपट्टे में मंच पर आईं सलमा ने समाज में महिलाओं और पुरुषों के प्रति अलग-अलग नजरिए पर सटीक तंज कसा। गाली-गलौज पर समाज की सोच पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर लड़की गाली दे तो उसकी इज्जत खराब हो जाती है, लेकिन लड़के गाली दें तो उन्हें अवॉर्ड मिलते हैं। उनकी इस बात पर पूरे पैनल ने खड़े होकर तालियां बजाईं। अपने देसी अंदाज और बेबाक बातों से सलमा ने रातों-रात इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है।