Kal Ka Mausam 15 Nov 2026: 15 नवंबर को दिल्ली-NCR में धुंध के साथ बूंदाबांदी के आसार, जानें देशभर के मौसम हालदेशभर में 15 नवंबर को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
दिल्ली-NCR में 15 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में धुंध और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दोपहर में उत्तर दिशा से हवाएं चलने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। उत्तराखंड में कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में बारिश, तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। IMD के पूर्वानुमान में तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
Also read: खरना के दिन ये 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी, छठी मैया हो सकतीं हैं नाराज, जानें सही नियम