
शिमला: हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को सचिवालय से 22चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट को 13दिवसीय भ्रमण पर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों की वोल्वो बस को हरी झण्डी दिखाई और उन्हें इस टूअर की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश के 6000अनाथ बच्चों को कानून बनाकर चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट बनाया है। उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना लागू की है जिसके अन्तर्गत अनाथ बच्चों की देखभाल से लेकर शिक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रावधान किये गए है। इन 22बच्चों को इसी योजना के अन्तर्गत भ्रमण के लिए चण्डीगढ़, दिल्ली और गोवा रवाना किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भ्रमण पर निकले 22बच्चों में से 16लड़कियां और 6लड़के शामिल है। उन्होंने बताया कि ये बच्चे 2जनवरी से 4जनवरी तक चण्डीगढ़ में घूमेंगे और हिमाचल भवन चण्डीगढ़ में ठहरेंगे। इसके बाद 5जनवरी को ये 22बच्चे शताब्दी ट्रेन से दिल्ली जाएंगे और 8जनवरी तक दिल्ली में रूकेंगे और वहां विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि 9जनवरी को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट हवाई जहाज से गोवा रवाना होंगे और 13जनवरी तक गोवा में एक थ्री स्टार होटल में रूकेंगे और गोवा के विभिन्न पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। उन्होंने कहा कि 14जनवरी को ये सभी बच्चे गोवा से हवाई जहाज के माध्यम से चण्डीगढ़ पहुंचेंगे।
अनाथ बच्चों का हिमाचल की सम्पदा पर अधिकार है-सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अनाथ बच्चों का हिमाचल की सम्पदा पर अधिकार है और इन अनाथ बच्चों की सरकार ही माता है और सरकार ही पिता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवार के सदस्यों के साथ घूमने जाते हैं उसी तरह से राज्य सरकार ने इन्हें भ्रमण पर भेजा है।कैबिनेट मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि यह सरकार का प्रयास हैं। हम इन बच्चों के अभिभावक हैं।
Leave a comment