Haryana Weather : हरियाणा में कल मौसम का मिजाज एकदम बदल गया। जिसके चलते कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई और पेड़-खंभे टूटकर सड़कों पर गिर गए। जैसा की बताया जा रहा है कि फतेहाबाद में टूटे पेड़ों से सड़कें जाम हो गईं। टोहाना में 10 फीट ऊंची दीवार कार पर गिर गई। कुरुक्षेत्र में मकान की छत गिरने से मलबे में एक व्यक्ति दब गया।
इससे पहले सिरसा, सोनीपत, पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज (12 जून) भी आंधी- बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 22 जिलों में मौसम खराब रहेगा।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 13 जून से मौसम में थोड़ा सुधार होगा, लेकिन 15 जून के बाद ही मौसम साफ होगा।
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद जैसे उत्तर और पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक, हिसार और भिवानी में 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।