Haryana News: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहतक में एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की रोहतक टीम ने सदर कानूनगो कार्यालय (एसके शाखा), रोहतक में कार्यरत उर्दू कॉपीस्ट विपिन को 5,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
क्या था पूरा मामला
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसके पूर्वजों द्वारा खरीदी गई भूमि के पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के बदले आरोपी विपिन द्वारा 5,500 रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को सदर कानूनगो कार्यालय (एसके शाखा), रोहतक में शिकायतकर्ता से 5,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैप के दौरान रिश्वत की पूरी राशि आरोपी के कब्जे से बरामद की गई। यह कार्रवाई एसवी एंड एसीबी रोहतक की टीम द्वारा की गई।
ब्यूरो अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, रोहतक में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।