Noida Airport Expressway: दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब यमुना नदी के किनारे एक नया 10 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा, जिससे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर तेज और आसान हो जाएगा। इस परियोजना की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपी गई है। पहले योजना यमुना के बांध पर सड़क बनाने की थी, लेकिन उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने इसके लिए अनुमति नहीं दी। इसके बाद नया फैसला लिया गया कि बांध के समानांतर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। यह एक्सप्रेसवे करीब 35.1 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें आठ नई लेन बनाई जाएंगी, जबकि दो लेन मौजूदा सड़क की होंगी।
यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे नोएडा के सेक्टर-94 और डीएनडी फ्लाईवे क्षेत्र से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव और गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इसके बाद वाहन सीधे मथुरा, आगरा और अन्य शहरों की ओर जा सकेंगे। इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। नया एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली, फरीदाबाद, बदरपुर, पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के लोग बिना शहर के अंदर प्रवेश किए सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे।
जाम से मिलेगी राहत
वर्तमान में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भारी ट्रैफिक रहता है और पीक आवर्स में जाम की स्थिति बन जाती है। नए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से इस दबाव में कमी आएगी और यात्रा का समय भी काफी घट जाएगा। वाहन चालकों को बार-बार रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे सफर अधिक सुगम होगा। इस परियोजना से डीएनडी फ्लाईवे एक बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में भी विकसित होगा। यह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, दिल्ली-सहारनपुर एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़कर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को लेकर सभी संबंधित विभागों की सहमति मिल चुकी है। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और जाम-मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगा।
Also read: कभी घूंघट में रहकर की पढ़ाई, अब जज बनकर इलाके का नाम किया रोशन; जानें दीपू कंवर की कहानी