
Haryana Samvidhan Bachao Rally: हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने संविधान बचाने के लिए रैलियां और पदयात्राएं करने का निर्णय लिया है। यह रैलियां 26जनवरी तक राज्य के विभिन्न ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस पार्टी के गुटों के बीच मतभेद होने के बावजूद यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट द्वारा बनाई गई है। कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला के नेतृत्व वाला गुट इन रैलियों और पदयात्राओं में शामिल नहीं होगा। इस बीच, सैलजा और सुरजेवाला गुट अपने कार्यक्रम अलग से घोषित कर सकते हैं।
26जनवरी तक रैलियों का आयोजन
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संविधान बचाओ रैलियों का कार्यक्रम जारी किया। उन्होंने बताया कि इन रैलियों की शुरुआत 26दिसंबर को कर्नाटक में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद 27दिसंबर से होनी थी, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। शुक्रवार से इस अभियान की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है और इसका समापन 26जनवरी को मध्य प्रदेश के महू में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली पर होगा।
उदयभान ने कहा कि इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारियों, विधायकों और सांसदों को पत्र लिखकर निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रदेश के हर जिले और ब्लॉक स्तर पर रैलियां आयोजित करें। इन रैलियों का उद्देश्य संविधान और महात्मा गांधी की विरासत को बचाने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। अगर जरूरत पड़ी, तो यह अभियान 26जनवरी के बाद भी जारी रहेगा।
कांग्रेस का आगामी कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि 26जनवरी को महू में होने वाली रैली के बाद अप्रैल में गुजरात में कांग्रेस का अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा में 'भारत जोड़ो यात्रा' को जो बड़े पैमाने पर जनसमर्थन मिला था, अब उसी उत्साह के साथ 'संविधान बचाओ राष्ट्रीय पदयात्रा' शुरू की जाएगी। इसके लिए जल्द ही जिला स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा।
Leave a comment