Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के फतेहाबाद से टोहाना आ रही विशाल टूर एंड ट्रेवल की बस गांव अमानी व भोडी के बीच अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। जानकारी के मुताबिक पता चला है कि हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिली है कि घटना सोमवार सुबह की है। हादसे के तुरंत बाद सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस कर्मचारी राजेश ने बताया कि बस पलटने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि अभी तक तीन मौतों की पुष्टि हुई है। बस पलटने से थाना शहर में कार्यरत बलविंदर सिंह गांव डुल्ट निवासी, जो होम गार्ड के पद पर कार्यरत था, उसकी भी मौत हुई है। इसके अलावा 31 वर्षीय युवई भौती देवी और 70 वर्षीय मोनी देवी की मौत हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बस में सवार यात्रियों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव चंदड निवासी एक यात्री राममेहर ने बताया कि वह टोहाना जाने के लिए बस में चढ़ा था। ड्राइवर शुरू से ही तेज गति से बस चला रहा था। गांव भोडी के पास बस बेकाबू होकर खेत में जा पलटी।
हादसे की सूचना मिलते ही राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाने में मदद की और प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार बस में करीब 50-55 सवारियां थीं। स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।