Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर (SI) को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने की वजह से उनकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान रेवाड़ी के बोलनी निवासी मोहन और राजस्थान के खुशखंडा थाना क्षेत्र निवासी गोबिंद के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, चोरी, डकैती समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस को बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने जड़थल के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।
Also read: Haryana News: गुरूग्राम में शादीशुदा होने का सच छिपाकर डेढ़ साल तक रिलेशन में रहा युवक, विवाद के बाद युवती को जिंदा जलाया; आरोपी गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस
घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे।