Haryana News: हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के स्कूलों में खेल उपकरण उपलब्ध कराने और खेल मैदानों के विकास के लिए सरकार ने 33.96 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक पात्र सरकारी स्कूल को 1-1 लाख रुपये की राशि जारी की जाएगी। इस राशि का इस्तेमाल स्कूलों में जरूरी खेल उपकरण खरीदने और खेल से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर ही बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें। शिक्षा विभाग को आवंटित पूरी राशि का उपयोग 31 मार्च 2027 तक करना होगा। इसके लिए विभाग ने स्कूलों में खेल सुविधाओं की स्थिति और जरूरतों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग की ओर से ऑनलाइन स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल भी शुरू किया गया है। इस पोर्टल पर प्रत्येक स्कूल को अपने यहां उपलब्ध खेल मैदान, मौजूदा खेल उपकरण और भविष्य में आवश्यक खेल सुविधाओं से संबंधित जानकारी अपलोड करनी होगी। इससे स्कूलों की जरूरत के अनुसार खेल सुविधाओं के विकास और उपकरणों की खरीद की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के पात्र सरकारी स्कूलों में खेल संसाधनों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है।