Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-7 पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल रणबीर को 2,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर एक युवक से उसकी बाइक वापस दिलाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमदत्त नामक युवक की बाइक 4 मई को सेक्टर-7 क्षेत्र से गायब हो गई थी। यह बाइक फाइनेंस पर ली गई थी और इसकी कुछ किस्तें बकाया थीं। बाइक नहीं मिलने पर युवक ने सेक्टर-7 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
Also read: Haryana: हरियाणा में महिलाओं के लिए खुशखबरी, सरकार ने किया ये ऐलान
जांच में सामने आया कि बाइक चोरी नहीं हुई थी, बल्कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने बकाया किस्तों के चलते उसे उठाकर सीकरी के पास स्थित अपने यार्ड में खड़ा कर दिया था। इसके बाद हेड कांस्टेबल रणबीर ने कथित रूप से बाइक को यार्ड से निकलवाकर चौकी में मंगवाया और इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को दी।
आरोप है कि जब सोमदत्त अपनी बाइक लेने चौकी पहुंचा तो हेड कांस्टेबल ने उसे वाहन वापस करने के बदले पैसे देने की मांग शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से उससे लगातार पैसे मांगे जा रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की।
Also read: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, गर्मी की छुट्टियों में होंगे स्कूलों के मरम्मत कार्य
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। शनिवार सुबह योजना के तहत शिकायतकर्ता को 2,500 रुपये देकर सेक्टर-7 चौकी भेजा गया। जैसे ही हेड कांस्टेबल रणबीर ने पैसे लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से चौकी के बाहर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।