Gst Collection: देशभर में मई महीने के दौरान जीएसटी संग्रह की रफ्तार धीमी रही, लेकिन उत्तर प्रदेश ने इस चुनौतीपूर्ण माहौल में शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को देश का सबसे तेज बढ़ने वाला बड़ा राज्य साबित किया है। जहां राष्ट्रीय स्तर पर जीएसटी संग्रह में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, वहीं उत्तर प्रदेश ने 13 प्रतिशत की वृद्धि हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। मई 2026 में उत्तर प्रदेश का कुल जीएसटी संग्रह (एसजीएसटी, सीजीएसटी और आईजीएसटी सहित) बढ़कर 8,728 करोड़ रुपये पहुंच गया।
यह पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। दूसरी ओर कई बड़े राज्यों में जीएसटी संग्रह में गिरावट या बहुत कम वृद्धि दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु में 15 प्रतिशत, राजस्थान में 11 प्रतिशत, बिहार में 7 प्रतिशत और उत्तराखंड में 19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं महाराष्ट्र में वृद्धि शून्य रही, जबकि गुजरात और कर्नाटक में केवल 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। ऐसे में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन सबसे बेहतर माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की बड़ी उपलब्धि
शुद्ध जीएसटी संग्रह के मामले में भी उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एसजीएसटी और आईजीएसटी सेटलमेंट जोड़ने तथा केंद्र से मिले रिफंड को घटाने के बाद राज्य का शुद्ध जीएसटी संग्रह 17,169 करोड़ रुपये रहा। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। इस सूची में महाराष्ट्र 36,825 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है, जबकि कर्नाटक 16,177 करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर रहा।
कर प्रणाली को सरल बनाने पर जोर
राज्य कर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में करदाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। विभाग छोटे व्यापारियों को सुविधाएं देने और कर प्रणाली को सरल बनाने पर जोर दे रहा है। इसी का सकारात्मक असर राजस्व संग्रह पर दिखाई दे रहा है। राज्य के अपने कर संग्रह यानी एसजीएसटी में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मई 2026 में एसजीएसटी संग्रह 3,070 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की तुलना में 9 प्रतिशत अधिक है।विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में बढ़ती आर्थिक गतिविधियां, कारोबार में विस्तार और करदाताओं की बढ़ती संख्या राज्य की इस सफलता के प्रमुख कारण हैं। जीएसटी संग्रह में यह बढ़ोतरी प्रदेश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का संकेत मानी जा रही है।
Also read: नोएडा Sec-74 के IVY काउंटी सोसाइटी में भीषण आग, 12वें फ्लोर से उठीं लपटें कई फ्लैटों तक फैली