Uttar Pradesh Crime: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बीकेटी क्षेत्र में लापता हुई 19 वर्षीय बीटेक छात्रा की हत्या उसके प्रेमी ने कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर महिपतपुर के जंगल से छात्रा का कंकाल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, युवती मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली थी और बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। कुछ समय पहले वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस को प्रेमी पर था शक
मामले की जांच के दौरान पुलिस को युवती के प्रेमी पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर महिपतपुर के जंगल पहुंची, जहां से युवती के अवशेष बरामद किए गए।
शव की हालत खराब
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव कई दिनों से जंगल में पड़ा था। इस कारण उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी और केवल कंकाल ही बरामद हो सका। जंगली जानवरों द्वारा शव को काफी नुकसान पहुंचाया गया था। ऐसे में पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। बाद में युवती के पिता ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान की।
मृतका के पिता ने लगाया ये आरोप
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी 25 मई को लापता हुई थी और उन्होंने उसी दिन पुलिस को सूचना दी थी। उनका कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवार के विरोध और धरने के बाद 28 मई को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी से पूछताछ जारी
वहीं, पुलिस अब आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
Also read: जीएसटी संग्रह में यूपी ने मारी बाजी, देश में सबसे तेज बढ़ने वाला बड़ा राज्य बना