NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 24 जुलाई, शुक्रवार को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। संगठन ने छात्रों, छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों से अपने-अपने जिलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की है। CJP ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्टर जारी किया है, जिसमें "हर जिला, एक दिन, एक मांग" का नारा दिया गया है। संगठन का कहना है कि यह प्रदर्शन उन छात्रों और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में किया जाएगा, जो हाल के आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित हुए हैं।
संगठनों ने की अपील
पोस्टर में छात्र संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से कहा गया है कि वे स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेकर अपने जिले में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करें। साथ ही प्रदर्शन के दौरान आंदोलन से जुड़ी मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़कर लोगों को जानकारी देने की भी अपील की गई है। CJP ने बताया कि प्रदर्शन को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए संगठन ने अपनी वेबसाइट पर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), अभियान सामग्री और ज्ञापन का प्रारूप भी उपलब्ध कराया है, ताकि सभी जिलों में एक समान तरीके से आंदोलन किया जा सके।
एक-दूसरे पर लगाए गए आरोप
यह फैसला दिल्ली में हुए 'संसद चलो' मार्च के कुछ दिनों बाद लिया गया है। इस मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने के आरोप लगाए थे। घटना के बाद कई एफआईआर भी दर्ज की गई थीं। CJP का कहना है कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं हो जातीं। संगठन की मुख्य मांगों में कथित NEET-UG पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।
देशव्यापी प्रदर्शन पर सभी की नजरें
वहीं, सरकार का कहना है कि वह पेपर लीक के मुद्दे पर गंभीर है और इस मामले में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं CJP ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब 24 जुलाई को होने वाले देशव्यापी प्रदर्शन पर सभी की नजरें हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विभिन्न राज्यों में छात्र और सामाजिक संगठन इस आंदोलन में किस तरह भाग लेते हैं और इसका आगे क्या असर पड़ता है।
Also read: NEET पेपर लीक पर सरकार और CJP आमने-सामने, जेपी नड्डा बोले- चर्चा के लिए तैयार, संगठन ने रखी शर्त