Bengal Budget 2026: पश्चिम बंगाल की नई सरकार ने अपना बजट पेश कर दिया है। राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 'विकसित भारत और विकसित बंगाल' है राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह फैसला सरकार के पहले बजट के दौरान लिया गया, जिसमें कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
इसके साथ ही शुभेंदु सरकार ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए 1 लाख नौकरियां देने का ऐलान किया है। इसमें 33 प्रतिशत महिलाओं की नियुक्ति होगी। वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य में संचालित सभी सामाजिक कल्याण योजनाएं पहले की तरह जारी रहेंगी और सरकार पारदर्शिता तथा जवाबदेही के साथ काम करती रहेगी। कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 'डायल 112' आपातकालीन सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही प्रशासनिक ढांचे को सशक्त करने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। कांथी को नया पुलिस जिला बनाया जाएगा, जबकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में नई नगरपालिकाओं और आधुनिक फायर स्टेशनों की स्थापना भी की जाएगी।
Also read: ट्रेन में पहला और एम्बुलेंस में दूसरे बच्चे को दिया जन्म, हैरान कर देगा ये डिलीवरी केस
वित्त मंत्री ने बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बताया कि दक्षिण 24 परगना के फलता क्षेत्र में विकास को नई दिशा देने के लिए 'फलता मॉडल' लागू किया जाएगा। वहीं, जंगीपुर में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए 50 करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया गया है। राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले सिविक पुलिस और ग्रीन पुलिस कर्मियों के मानदेय में 2,000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा सरकार ने घोषणा की है कि कथित तौर पर झूठे राजनीतिक मामलों में फंसाए गए लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है, जो अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।