UP Assembly Elections: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी ने संगठन में नई जिम्मेदारियां बांटते हुए क्षेत्र और मोर्चों के प्रभारियों का ऐलान किया है। पार्टी का यह बदलाव चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
बीजेपी ने बांटी नई जिम्मेदारियां
बीजेपी ने प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा का प्रदेश प्रभारी बनाया है। वहीं प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा रामप्रताप सिंह को पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। शंकर लाल लोधी को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र और रमेश सिंह को काशी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। बीजेपी ने अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के इन संगठनात्मक बदलावों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
ब्राह्मण वोट को लेकर सियासत तेज
चुनाव की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण वोटबैंक को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि उनके PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण में पंडित भी शामिल हैं। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने निशाना साधा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह अब ब्राह्मण समाज का हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं। बीजेपी का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही सपा अलग-अलग सामाजिक वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है।
सपा भी चुनावी मोड में
दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी भी चुनाव को लेकर लगातार सक्रिय है। अखिलेश यादव अपने कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों के जरिए अलग-अलग सामाजिक वर्गों को साधने की कोशिश कर रहे हैं। खास तौर पर ब्राह्मण वोट को लेकर पार्टी की सक्रियता चर्चा में है। वहीं बीजेपी संगठन में नई जिम्मेदारियां देकर जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारी को मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में यूपी विधानसभा चुनाव से काफी पहले ही बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक मुकाबला तेज होता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में दोनों दलों की रणनीति और चुनावी मुद्दों को लेकर सियासत और गरमाने की संभावना है।
Also read: Noida News: हवा से बनेगा पीने का पानी! नई मशीन से दूर होगा पेयजल संकट, जानें कैसे करती है काम?