Aaj ka Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 अप्रैल को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है, जिसमें कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी गई है। अचानक बदलते मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है, वहीं यूपी-बिहार, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के अधिकतर जिलों में बारिश और आंधी आने की संभावना जताई गई है। साथ ही मौसम विभाग के 15 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है।
जानें कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
IMD के अनुसार, आने वाले सप्ताह में राजधानी दिल्ली में बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। जिसकी वजह से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। 10 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में मौसम बिल्कुल साफ रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
8 राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य हिस्सों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तूफान देखने को मिल सकता है। खासतौर पर 8 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवाएं
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।