Uttrakhand News:कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के श्रीदेव सुमन नगर मंडल के भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से एक महीने का देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जनभागीदारी, जनसेवा और समर्पण की भावना के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना
बैठक के बाद गणेश जोशी ने राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से लगाए गए ‘मंच शुद्धिकरण’ के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। जोशी ने दावा किया कि भाजपा ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण और सामाजिक न्याय की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा और ताकत का आधार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ है और इसी विचारधारा से निकली पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों को नेतृत्व का अवसर दिया है।मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक न्याय को मजबूती मिली है। उनके मुताबिक, दलित समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को महत्वपूर्ण संवैधानिक और राजनीतिक जिम्मेदारियां मिली हैं।
हल्द्वानी की घटना को लेकर गणेश जोशी ने कहा कि कार्यक्रम के बाद संबंधित स्थल पर भारी गंदगी होने और कुछ लोगों की ओर से विवादित नारे लगाए जाने की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि यह मैदान धार्मिक महत्व का है और यहां रामलीला का मंचन होता है। मंत्री के मुताबिक, स्थानीय धार्मिक संगठनों ने स्थल की साफ-सफाई और शुद्धिकरण कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना से भाजपा या राज्य सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। गणेश जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देकर समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है। बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी,मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, वरिष्ठ नेता आर.एस.परिहार,निरंजन डोभाल,जगदीश सेमवाल, सुरेंद्र राणा, आशीष थापा, भावना चौधरी समेत कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also read: Uttarakhand News: भीमताल में आपदा का कहर, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश