Tamilnadu News:चेन्नई में शनिवार रात एक शख्स की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कन्नन के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक,कन्नन हाल ही में सत्तारूढ़ TVK पार्टी में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि वन्ननदुरई इलाके में एक गैंग ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें कथित तौर पर करीब छह लोगों को कन्नन पर हमला करते देखा जा सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कन्नन शनिवार रात अपने घर से निकलकर रामास्वामी एवेन्यू स्थित अपने दफ्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वन्ननदुरई इलाके में एक गैंग ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल कन्नन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर शास्त्री नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपियों की तलाश में 5 विशेष टीमें गठित
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि,हत्या के पीछे की वजह को लेकर अभी पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
कन्नन का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक,मृतक कन्नन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। करीब आठ साल पहले इसी इलाके में शिवा और वेलु की हत्या से जुड़े एक मामले में कन्नन के खिलाफ केस चल रहा था। पुलिस अब कन्नन की हत्या को पुरानी आपराधिक गतिविधियों और अन्य संभावित वजहों से जोड़कर भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
Also read: Muskan Murder Case: मुस्कान हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, राजौरी गार्डन में मुठभेड़ के बाद आरोपी इमरान धर दबोचा