Uttrakhand News:कुमाऊं एवं नागा रेजीमेंट के सैनिकों और उनके परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। CIMS एवं UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून और कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर, रानीखेत के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस समझौते के तहत पात्र वीर नारियों, वीर माताओं और बलिदानी सैनिकों के आश्रितों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट दी जाएगी। वहीं सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों, अग्निवीरों तथा उनके आश्रितों को पात्र पाठ्यक्रमों में 40 प्रतिशत ट्यूशन फीस की छूट मिलेगी।
30 से ज्यादा प्रोफेशनल कोर्स का विकल्प
CIMS एवं UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में नर्सिंग, पैरामेडिकल, फार्मेसी, लॉ, मैनेजमेंट और होटल मैनेजमेंट समेत 30 से अधिक प्रोफेशनल और रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस पहल से सैनिक परिवारों के युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महाडिक ने कहा कि अच्छी शिक्षा और सही समय पर मिलने वाला अवसर किसी भी युवा के जीवन की दिशा बदल सकता है। सैनिक परिवारों के बच्चों के लिए यह पहल इसी सोच के तहत एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संस्थान में ऐसे कई प्रोफेशनल पाठ्यक्रम हैं, जिनमें प्रशिक्षित युवाओं की मांग देश के साथ-साथ विदेशों में भी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट और भारतीय सेना के साथ भी संस्थान के MOU हो चुके हैं।
‘सैनिक परिवारों की सेवा सम्मान की बात’
CIMS एवं UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि सैनिक परिवारों की सेवा करना संस्थान के लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य को मजबूत करने के प्रयासों में भी दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि MOU सैनिक परिवारों को उच्च शिक्षा के अवसर देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
1,400 से अधिक अग्निवीरों को नशे के खिलाफ दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसमें 1,400 से अधिक अग्निवीरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय,रानीखेत के करीब 500 विद्यार्थियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। सैन्य अधिकारियों, जवानों, अग्निवीरों, विद्यार्थियों और उनके परिवारों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।
सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद ललित जोशी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर के डिप्टी कमांडेंट कर्नल मोहित वर्मा, कर्नल शशांक, लेफ्टिनेंट कर्नल गजेन्द्र सिंह उपरारी, लेफ्टिनेंट कर्नल अभिनव, मेजर अमन, CIMS एवं UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल जे.एस. नेगी समेत करीब 300 सैन्य अधिकारी, जवान, अग्निवीर, विद्यार्थी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।
Also read: Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ मोबाइल एप, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ