Uttrakhand News:मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश और देहरादून में तीन अलग-अलग निर्माण स्थलों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद अनधिकृत निर्माण कराने वाले भवन स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है।
एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्राधिकरण के अनुसार ऋषिकेश में रेलवे स्टेशन के पास, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे रेलवे रोड स्थित *विनोद अग्रवाल* के निर्माण स्थल पर व्यावसायिक दुकान के लिए छत डालने का काम किया जा रहा था।
निर्माण के संबंध में प्राधिकरण की ओर से उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 (यथा संशोधित) की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दायर किया गया। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल को सील कर दिया गया। देहरादून के माजरा क्षेत्र में मुस्कान होटल के पीछे शाहिद के निर्माण स्थल पर बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किए जाने का मामला सामने आया। प्राधिकरण ने मामले में वाद दायर करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की और मौके पर निर्माण स्थल को सील कर दिया।
इसी क्षेत्र में शाहिद के एक अन्य निर्माण स्थल पर भी बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किए जाने का प्रकरण सामने आया। जांच के बाद एमडीडीए ने संबंधित स्थल पर भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास के लिए भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र का स्वीकृत होना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किए जाने पर संबंधित भवन स्वामी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बंशीधर तिवारी बोले- अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित एवं व्यवस्थित विकास के लिए भवन निर्माण से पहले स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण को प्राप्त शिकायतों और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाले अनधिकृत निर्माणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध निर्माणों पर लगातार निगरानी
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से अवैध एवं अनधिकृत निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों को किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य शहर और प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित एवं नियमबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं और निर्धारित मानकों का पालन करें।
Also read: Uttarakhand News: चम्पावत में बनेगा ECHS पॉलीक्लिनिक, पूर्व सैनिकों और आश्रितों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा