Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी लोकसभा सीट को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में टिहरी, उत्तरकाशी और देहरादून के जिला अध्यक्ष भी मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी की ओर से लगातार ऐसी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इससे पहले नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, ब्लॉक प्रमुख, दायित्वधारी कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकें की गई हैं। इसी क्रम में कुमाऊं मंडल में प्रत्येक संसदीय क्षेत्र के विधायकों और सांसदों के साथ बैठकें की गईं और अब गढ़वाल क्षेत्र की लोकसभा सीटों को लेकर यह बैठक हो रही है। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान क्षेत्रवार समीक्षा के साथ जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा तथा आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
बीजेपी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मिलकर जनता की सेवा करेंगे- सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून का समय चल रहा है, ऐसे में सभी बीजेपी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मिलकर जनता की सेवा करेंगे और समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्यों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।