Uttarakhand News:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने समस्त संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
यह कार्यक्रम देहरादून के गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और भाईचारे का संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने समाज में फैली ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। गुरु नानक देव जी का संदेश था कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका कमाने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
सरबत दा भला' की भावना सिखाती है सबके कल्याण का संदेश
सीएम धामी ने कहा कि सिख परंपरा में निहित 'सरबत दा भला' की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। गुरु नानक देव जी ने संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता को व्यवहार में उतारा। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, जो सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की सुरक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान सराहनीय है।
हेमकुंड साहिब रोपवे से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का रास्ता सुगम हुआ है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। प्रदेश में स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इसके बनने से श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का किया आह्वान
सीएम धामी ने कहा कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना, हर व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना और जरूरतमंदों की मदद करना ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक अनुसरण है। उन्होंने प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी से सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में साध संगत ने भाग लिया।
Also read: Uttrakhand News:भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का सख्त रुख, बड़े अधिकारियों पर भी हुई कार्रवाई; 1064 ऐप से करें शिकायत