Toll Plaza Insurance Check: अब हाईवे के टोल प्लाजा से गुजरते ही आपकी गाड़ी के इंश्योरेंस की जांच हो जाएगी। सरकार एक ऐसे नए सिस्टम का ट्रायल कर रही है, जो टोल पार करते ही आपकी गाड़ी का नंबर स्कैन करेगा।अगर गाड़ी का थर्ड-पार्टी बीमा खत्म हो चुका है, तो आपके मोबाइल पर तुरंत रीन्यूअल का अलर्ट SMS आ जाएगा। अभी इसका टेस्ट दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा (UER-II) पर चल रहा है। सफल होने पर इसे देशभर के टोल प्लाजा पर लागू किया जाएगा।
पुलिस की चेकिंग और कागजी झंझट से मिलेगी राहत
अभी सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस गाड़ियों को रोककर उनके कागजात और इंश्योरेंस पेपर चेक करती है। इससे कई बार वाहन चालकों और पुलिस के बीच बहस की स्थिति बन जाती है।अगर टोल प्लाजा पर टेस्ट किया जा रहा यह सिस्टम सफल होकर देशभर में लागू हो जाता है, तो सड़क पर रोककर पेपर चेक करने की जरूरत काफी कम हो जाएगी।इसके अलावा, टोल पार करते ही मैसेज मिलने से उन लोगों को भी याद आ जाएगा, जो अनजाने में पॉलिसी रीन्यू करना भूल जाते हैं।
Also read: Ertiga से सस्ती Maruti Suzuki की नई फैमिली कार, 6.5 लाख रुपये हो सकती है शुरुआती कीमत
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस क्यों जरूरी है?
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस सड़क पर चलने वाली सभी गाड़ियों के लिए अनिवार्य है। यह हादसे में किसी दूसरे व्यक्ति को चोट लगने, उसकी मौत होने या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर मुआवजे से जुड़ी सुरक्षा देता है।अगर गाड़ी का बीमा नहीं है और दुर्घटना हो जाती है, तो वाहन मालिक को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, दुर्घटना से होने वाले नुकसान की आर्थिक जिम्मेदारी भी उसी पर आ सकती है।