UP Draft Voter List: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के SIR के बाद करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के दावे पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने जवाब दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन विभाग के पास धर्म के आधार पर मतदाताओं का कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
नवदीप रिणावा ने कहा कि मतदाता सूची में नाम, उम्र और रिलेशनशिप जैसी जानकारियां दर्ज होती हैं। इसमें धर्म का कोई कॉलम नहीं होता। ऐसे में विभाग यह नहीं बता सकता कि कितने हिंदू, मुस्लिम या अन्य धर्मों के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
सीएम योगी ने क्या दावा किया था?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। उन्होंने इसके समर्थन में अलग-अलग आंकड़ों का हवाला भी दिया था। सीएम के मुताबिक, करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं मिले।
55 लाख हिन्दुओं के नाम कटने का दावा
इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की सूची में नहीं होने की बात कही थी, जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने 18 साल से अधिक उम्र के करीब 4.5 लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं होने का भी दावा किया था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि SIR के बाद मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
CEO ने धर्म आधारित आंकड़ों पर क्या कहा?
सीएम योगी के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए CEO नवदीप रिणावा ने कहा कि निर्वाचन विभाग के डेटाबेस में धर्म या राजनीतिक पहचान से जुड़े आंकड़े दर्ज नहीं होते। मतदाता सूची में केवल निर्धारित जानकारियां ही शामिल होती हैं। इसलिए विभाग के पास धर्म के आधार पर नाम कटने या जुड़ने का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन विभाग की ओर से हिंदू, मुस्लिम या किसी अन्य धर्म के मतदाताओं के नाम कटने का अलग-अलग आंकड़ा जारी नहीं किया जाता। यानी विभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड के आधार पर मुख्यमंत्री के दावे की धर्मवार पुष्टि करना संभव नहीं है।
Also read: हरदोई की महिलाओं के लिए खुशखबरी! आंगनवाड़ी में सैकड़ों पदों पर बंपर भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी