UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराध और दबंगई पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के बीच यूपी के बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे गुमान कोलवा से ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमीन के विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोप है कि दबंगों ने महिला समेत चार लोगों को ट्रैक्टर से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट और महिलाओं-बच्चों की चीख-पुकार दिखाई दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और विधिक कार्रवाई जारी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यहां है कि क्या जमीन विवाद को लेकर पुलिस और राजस्व स्तर पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो यह खूनी वारदात टल सकती थी? आखिर विवाद इतना बढ़ा कैसे कि बात बुजुर्ग की मौत तक पहुंच गई?