Nagchandreshwar Temple Stampede: मध्य प्रदेश के उज्जैन से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, आज सावन का तीसरा सोमवार है, इस मौके पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं। लेकिन दर्शन के लिए लगी लंबी लाइनों की वजह से अचानक अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हरसिद्धि मंदिर चौराहे और बड़े गणेश मंदिर के पास बैरिकेडिंग वाले इलाके में भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि इस अफरा-तफरी के बीच करंट फैलने की अफवाह ने स्थिति को और ज्यादा बिगाड़ दिया, जिस वजह से करीब 13 श्रद्धालुओं के घायल होने और तबीयत बिगड़ने की खबरें भी सामने आ रही हैं।
Also read: मध्य प्रदेश में सरकार ने खाद की बिक्री पर लगाई रोक, 82 लाख किसान हो सकते हैं प्रभावित
कहां-कैसे मची भगदड़?
बता दें, सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। मालूम हो कि उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर साल में सिर्फ एक बार 24 घंटे के लिए खुलता है। संयोग से आज सावन का तीसरा सोमवार और नागपंचमी है। इसी वजह से मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। हालात तब बिगड़ गए जब अचानक करंट फैलने की अफवाह कानों में पड़ी।
जिसके बाद दर्शन के लिए लाइनों में खड़ें श्रद्धालुओं में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जिस वजह से कुछ श्रद्धालु बैरिकेड्स से टकराकर घायल हुए, जबकि कुछ घबराहट के कारण बेहोश हो गए। हालांकि समय रहते सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। तो वहीं, घटना के तुरंत बाद पुलिस बल ने स्थिति को संभाला।