UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरिराज परिक्रमा मार्ग से एक महिला श्रद्धालु के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मुंबई निवासी महिला श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर रही थी। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की।
आरोप है कि महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि हमलावर ने महिला के आभूषण लूट लिए। पीड़िता की नाक पर भी गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।
परिक्रमा मार्ग पर हुई घटना
बताया जा रहा है कि घटना मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र स्थित गिरिराज परिक्रमा मार्ग की है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।