Tamil Nadu Accident: तमिलनाडु के मदुरै में एक दर्दनाक सड़क हो गया। सोमवार तड़के कोट्टमपट्टी के पास एक प्राइवेट ओमनी बस का संतुलन बिगड़ने और तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (TNSTC) की बस से टकराने के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और बच्चों समेत 42 अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के तमिलनाडु के मदुरै ज़िले में एक प्राइवेट बस और सरकारी बस की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और बच्चों समेत 42 लोग घायल हो गए। प्राइवेट बस चेन्नई से मार्थंडम के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों को लेकर निकली थी।
मदुरै पुलिस के अनुसार, यह हादसा कोट्टमपट्टी के पास वंडिनगर में चार-लेन वाले हाईवे पर हुआ। प्राइवेट बस का ड्राइवर कथित तौर पर गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा, डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में चला गया और मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही सरकारी बस से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर से प्राइवेट बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सरकारी बस पलट गई। हादसे की सूचना मिलने पर कोट्टमपट्टी पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और दोनों बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि चार पुरुषों और एक महिला समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के बयान के अनुसार, बच्चों समेत कुल 42 लोग गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया। घटना की आगे की जांच चल रही है।