Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में चले गए। दोपहर करीब 12 बजे बाजार में थोड़ी रिकवरी जरूर दिखाई दी, लेकिन आखिरी घंटे में बिकवाली फिर तेज हो गई। इसका असर बाजार के प्रमुख सूचकांकों पर साफ नजर आया। सेंसेक्स दिन के अंत में 813 अंक से ज्यादा टूट गया।
सेंसेक्स 74,764 अंक पर बंद
सेंसेक्स बुधवार को 361 अंक की गिरावट के साथ 75,216 अंक पर खुला था। पूरे दिन बाजार दबाव में रहा। कारोबार के आखिरी घंटे में बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स 813.35 अंक यानी 1.08 प्रतिशत गिरकर 74,764.23 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी-50 में भी 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 23,431.50 अंक पर बंद हुआ।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमत बनी चिंता
शेयर बाजार में लगातार तीन दिनों से जारी गिरावट की बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को माना जा रहा है। महंगा कच्चा तेल भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए चिंता बढ़ाता है। इसके अलावा विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों ने भी निवेशकों का भरोसा प्रभावित किया।
IT शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली
अमेरिकी शेयर बाजारों में मंगलवार को आई गिरावट का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। खासकर IT कंपनियों के शेयरों में निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। सेंसेक्स की कंपनियों में HCL Technologies का शेयर करीब साढ़े चार प्रतिशत गिर गया। Infosys में भी लगभग साढ़े चार प्रतिशत की गिरावट रही। Tech Mahindra करीब 4 प्रतिशत और TCS करीब सवा दो प्रतिशत टूट गया।
कई बड़े शेयर भी लाल निशान में
HDFC Bank का शेयर भी करीब सवा दो प्रतिशत गिरा। Hindustan Unilever, Bajaj Finance, UltraTech Cement, Bharti Airtel, BEL और Reliance Industries के शेयर 1 से 2 प्रतिशत तक नीचे आए। इसके अलावा ITC, IndiGo, L&T, Kotak Mahindra Bank, ICICI Bank, Sun Pharma, SBI, Bajaj Finserv, Axis Bank, M&M और Eternal के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी दबाव
बाजार की गिरावट का असर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर भी पड़ा। Nifty Midcap-50 इंडेक्स 0.55 प्रतिशत और Smallcap-100 इंडेक्स 0.48 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। इससे साफ है कि विदेशी संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों को लेकर निवेशकों में फिलहाल चिंता बनी हुई है।
Also read: Gold-Silver Price Today 09 Sep: सोना-चांदी खरीदने की कर रहे हैं प्लानिंग? पहले शहरवार देखें लें ताजा कीमतें