Delhi News: राजधानी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक कारोबारी के घर से करीब 2.5 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और हीरे के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के वक्त कारोबारी अनुज गुप्ता अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया में थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घर की चाबी रखने वाले दो घरेलू नौकरों को मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, अनुज गुप्ता तिमारपुर के मॉल रोड स्थित रिवेरा अपार्टमेंट्स की पहली मंजिल पर रहते हैं। उनके छोटे भाई अंशुल भी फ्लैट के दूसरे हिस्से में रहते हैं। अनुज 2 सितंबर को अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया गए थे। चोरी का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब उनके भतीजे उज्ज्वल पहली मंजिल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि फ्लैट का दरवाजा खुला हुआ था, अलमारियां खुली थीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
सीसीटीवी में संदिग्धों की गतिविधियां कैद
पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। पुलिस के अनुसार, घर में काम करने वाले अनिल और विक्की 5 सितंबर को फ्लैट में दाखिल हुए थे और चोरी के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि दोनों को घर में रखी नकदी और कीमती सामान की जानकारी हो सकती थी। फिलहाल उनकी संभावित भूमिका की जांच की जा रही है।
चोरी के बाद ऑस्ट्रेलिया से दिल्ली लौटे कारोबारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद अनुज गुप्ता ऑस्ट्रेलिया से दिल्ली लौट आए। उन्होंने पुलिस को चोरी हुई नकदी और कीमती सामान की सूची उपलब्ध कराई है। पुलिस के अनुसार, चोरी की संपत्ति की कुल कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
संदिग्ध नौकरों की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।