Bullet Train: मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली देश की पहली बुलेट ट्रेन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के तहत कई बड़े निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन का उद्घाटन 2027 में किया जा सकता है।
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा काम
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम तेजी से चल रहा है और निर्माण से जुड़े जरूरी काम दिसंबर 2026 तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए काम करने वाली टीम और लेबर की क्षमता भी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ट्रेन को टेस्टिंग के लिए ट्रैक पर उतारा जाएगा।
मई-जून 2027 में शुरू हो सकती है टेस्टिंग
रेल मंत्री के अनुसार, दिसंबर तक काम पूरा होने के बाद अगले साल मई-जून के आसपास बुलेट ट्रेन की टेस्टिंग शुरू हो सकती है। टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद ट्रेन के उद्घाटन का रास्ता साफ होगा। हालांकि, अभी सरकार की ओर से यह नहीं बताया गया है कि 2027 में किस तारीख या महीने से आम यात्रियों के लिए सेवा शुरू होगी।
332 किलोमीटर वायाडक्ट तैयार
प्रोजेक्ट के तहत अब तक कई महत्वपूर्ण काम पूरे हो चुके हैं। पालघर में तीन पहाड़ी सुरंगों का निर्माण पूरा हो चुका है। जनवरी 2026 तक करीब 332 किलोमीटर वायाडक्ट और 415 किलोमीटर पियर का काम पूरा हो गया था। वहीं अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार वायाडक्ट पर ट्रैक इंस्टॉलेशन का काम भी शुरू हो चुका है।
अहमदाबाद में 23 क्रॉसिंग तैयार
अहमदाबाद जिले में बुलेट ट्रेन कॉरिडोर 31 क्रॉसिंग से होकर गुजरता है। मई 2026 तक इनमें से 23 क्रॉसिंग का काम पूरा हो चुका था। इनमें रेलवे क्रॉसिंग, रोड फ्लाईओवर, अंडरपास और नहर से जुड़े स्ट्रक्चर शामिल हैं। 25 मई को 45 मीटर लंबा और करीब 1,200 टन वजन वाला सेगमेंटल ब्रिज भी तैयार किया गया।
मुंबई में अभी कई बड़े काम बाकी
हालांकि, प्रोजेक्ट का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा अभी बाकी है। मुंबई के BKC से शिलफाटा तक करीब 21 किलोमीटर लंबी सुरंग, कई पहाड़ी सुरंगें, मुंबई स्टेशन और महाराष्ट्र के कुछ एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण अभी जारी है। इन कामों के पूरा होने के बाद बुलेट ट्रेन को टेस्टिंग के लिए तैयार किया जाएगा।
Also read: सीएम शुभेंदु की गेरुआ सम्मान यात्रा, बोले- कश्मीर आजादी चाहता है के नारे लगाने वालों को उखाड़ फेंकेंगे