Hanuman Ansh: फिल्म इंडस्ट्री में सफलता की बात आते ही अक्सर स्टार किड्स और बड़े फिल्मी परिवारों का नाम सामने आता है। लेकिन लखनऊ के रहने वाले शोभिनव सत्या की कहानी इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने अपनी मेहनत, पढ़ाई और अभिनय के दम पर फिल्मी दुनिया में खास पहचान बनाई है। शोभिनव अब 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई कर चुकी फिल्म 'हनुमान अंश' में आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा यानी महाराज जी का किरदार निभाकर चर्चा में हैं।
FTII से की एक्टिंग की पढ़ाई
शोभिनव सत्या ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII), पुणे से एक्टिंग की प्रोफेशनल पढ़ाई की। यहां उन्होंने मेथड एक्टिंग, किरदार को समझने और उसे पर्दे पर उतारने की बारीकियां सीखीं। अभिनय में रुचि रखने वाले शोभिनव ने अपनी ट्रेनिंग को आगे भी जारी रखा और इसे अपना करियर बनाने का फैसला किया।
एक्टिंग टीचर भी रह चुके हैं
पढ़ाई पूरी करने के बाद शोभिनव ने खुद तक सीमित रहने के बजाय दूसरे युवाओं को भी अभिनय सिखाया। उन्होंने ओपुलेंट स्कूल ऑफ एक्टिंग एंड फिल्म्स में बतौर एक्टिंग टीचर काम किया। इस दौरान उन्होंने कई युवाओं को अभिनय की बारीकियां समझाईं और अपने अनुभव को उनके साथ साझा किया।
10 साल तक पर्दे के पीछे किया काम
शोभिनव का फिल्मी सफर केवल एक्टिंग तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने करीब 10 साल तक फिल्म और टीवी प्रोजेक्ट्स में असिस्टेंट डायरेक्टर, सेकंड यूनिट डायरेक्टर और स्क्रिप्ट सुपरवाइजर के तौर पर काम किया। इस दौरान वह 'सीआईडी', 'रागिनी MMS रिटर्न्स' और 'महापौर' जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़े।
हीरो बनने नहीं, AD बनकर पहुंचे थे सेट पर
दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव को 'हनुमान अंश' में शुरुआत में मुख्य अभिनेता के तौर पर नहीं चुना गया था। वह फिल्म के सेट पर सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर पहुंचे थे। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्हें शोभिनव के चेहरे और हाव-भाव में नीम करौली बाबा की झलक दिखाई दी।
चार घंटे तक चला ऑडिशन
निर्देशक ने शोभिनव को चित्रकूट के प्रसिद्ध घाट पर ऑडिशन के लिए बुलाया। मंदाकिनी नदी में नाव की सवारी के दौरान करीब चार घंटे तक ऑडिशन चला। शोभिनव ने अपनी एक्टिंग ट्रेनिंग और कॉमिक टाइमिंग से निर्देशक को प्रभावित किया। इसके बाद उन्हें नीम करौली बाबा के किरदार के लिए फाइनल कर लिया गया।
मेहनत ने दिलाया बड़ा मौका
करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म के 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने का दावा किया जा रहा है। शोभिनव सत्या की कहानी बताती है कि फिल्म इंडस्ट्री में बिना किसी बड़े फिल्मी बैकग्राउंड के भी मेहनत और हुनर के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
Also read: बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही कम बजट वाली फिल्म, CM योगी से मिली ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम; साझा किया अपना अनुभव