Narela property dealer murder case: दिल्ली के नरेला में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के सिलसिले में हिमांशु भाऊ गिरोह के तीन कथित सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इस मामले में DCP रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि 50,000 रुपये के इनाम वाले दो वांछित आरोपी कथित तौर पर अपराध करने के इरादे से इलाके से गुजर रहे थे, तभी पुलिस को उनकी आवाजाही की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाकर उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी की।
जायसवाल के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। आरोपियों ने करीब 11 से 12 गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने जवाबी फायरिंग में छह गोलियां दागीं। जायसवाल ने कहा 'उन्हें गोली लगी है… हमारे इंस्पेक्टर और उनकी टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक नाबालिग है, जबकि अन्य दो दीपक और नितिक हैं। जांच जारी है।'
Also read: दिल्ली के आजादपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, 28 वर्षीय आलम की मौत; मौके से कारतूस बरामद
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को नरेला में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, 03 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर एक जिम के बाहर प्रमोद की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस हत्या के हालात की जांच कर रही है। जांच के तहत पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या प्रमोद को पहले से कोई धमकी मिली थी और क्या हत्या किसी पुरानी दुश्मनी या निजी झगड़े से जुड़ी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और करीब 16 गोलियां चलाईं, जिनमें से कई गोलियां पीड़ित को लगीं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती आशंका है कि हत्या जबरन वसूली या पुरानी दुश्मनी से जुड़ी हो सकती है। तो वहीं, इस घटना के बाद हिमांशु भाऊ गैंग की भूमिका सामने आई। भाऊ गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी ली।