Classic 350 Price Hike: रॉयल एनफील्ड ने भारत में अपनी लोकप्रिय बाइक क्लासिक 350 की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने इसके लगभग सभी वेरिएंट की कीमत करीब 2 हजार रुपये बढ़ा दी है। कीमत बढ़ने के बाद क्लासिक 350 का शुरुआती रेडडिच वेरिएंट अब 1.89 लाख रुपये एक्स-शोरूम में मिलेगा। वहीं, टॉप-एंड क्रोम वेरिएंट की कीमत बढ़कर 2.26 लाख रुपये हो गई है। हाल ही में लॉन्च किए गए गोरखा एडिशन की कीमत में भी 1 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। लॉन्च के समय इसकी कीमत 2.11 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 2.12 लाख रुपये हो गई है। वहीं, क्लासिक 350 का नया एमराल्ड व्हाइट क्रोम वेरिएंट भी महंगा हो गया है। यह अब इस बाइक का सबसे महंगा वेरिएंट है।
मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं
कंपनी ने कीमतों में बदलाव के साथ बाइक के इंजन या मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया है। क्लासिक 350 में पहले की तरह 349 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन मिलता है। यह इंजन करीब 20 बीएचपी की पावर और 27 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। बाइक का कर्ब वेट 195 किलोग्राम है, जबकि इसकी सीट की ऊंचाई 805 मिलीमीटर है। इसमें आगे 19 इंच और पीछे 18 इंच के पहिये मिलते हैं। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। निचले वेरिएंट में आगे डिस्क और पीछे ड्रम ब्रेक मिलते हैं, जबकि महंगे वेरिएंट में दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
शुरुआत में किया गया था अपडेट
क्लासिक 350 को इस साल की शुरुआत में भी अपडेट किया गया था। डुअल-चैनल ABS वाले वेरिएंट में असिस्ट और स्लिपर क्लच के साथ USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट जोड़ा गया था। हालांकि, एंट्री-लेवल रेडडिच रेड वेरिएंट में सिंगल-चैनल ABS, पारंपरिक क्लच और पुराना चार्जिंग पोर्ट ही मिलता है। इस कीमत बढ़ोतरी के बावजूद बाइक के डिजाइन और इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।
Also read: नई Hyundai Tucson कार हुई लॉन्च, बड़ा साइज और 292bhp का प्लग-इन हाइब्रिड इंजन