Smartphone Price Hike: अगर आप भी नया प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। आने वाले दिनों में फ्लैगशिप स्मार्टफोन खरीदना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। मार्केट रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल के आखिर तक प्रीमियम स्मार्टफोन की कीमतें 2025 के मुकाबले 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ सकती हैं।
स्मार्टफोन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ी वजह DRAM और NAND मेमोरी चिप का महंगा होना है। काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, AI डेटा सेंटर्स की तेजी से बढ़ती मांग के कारण मेमोरी चिप की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है।रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की पहली तिमाही में स्मार्टफोन बनाने की कुल लागत में मेमोरी चिप की हिस्सेदारी करीब 13 फीसदी थी। अनुमान है कि 2026 के आखिरी तक यह बढ़कर 43 फीसदी तक पहुंच सकती है।
Oppo के फ्लैगशिप फोन सबसे ज्यादा महंगे
काउंटरपॉइंट रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक, सालाना आधार पर Oppo के फ्लैगशिप स्मार्टफोन की कीमतों में सबसे ज्यादा 82 से 87 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, अल्ट्रा-प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले Apple के iPhone की कीमतों में भी 20 से 22 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। इसके अलावा दिवाली के बाद Samsung और Xiaomi ने भी अपने कई स्मार्टफोन मॉडल की कीमतों में 2,000 से 4,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। इससे पहले Samsung के Galaxy S26 की कीमत में भी करीब 17 फीसदी की बढ़ोतरी की बात सामने आई थी।
2 लाख रुपये के करीब पहुंच रहे प्रीमियम स्मार्टफोन
प्रीमियम स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने के साथ ही इस सेगमेंट में ग्राहकों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। अब लोग महंगा फोन खरीदने से पहले सिर्फ ब्रांड या डिजाइन नहीं देखते, बल्कि उसकी स्पीड, कैमरा क्वालिटी, बैटरी लाइफ, मजबूती और आफ्टर-सेल्स सर्विस पर भी ध्यान देते हैं। Apple और Samsung जैसे ब्रांड्स के टॉप मॉडल पहले ही 2 लाख रुपये के प्राइस सेगमेंट की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में Google और iQOO जैसे ब्रांड्स उन ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं, जो कम कीमत में बेहतर प्रोसेसर, कैमरा और दूसरे प्रीमियम फीचर्स चाहते हैं।
स्मार्टफोन के साथ इकोसिस्टम की भी बढ़ रही मांग
आजकल ग्राहक सिर्फ एक अच्छा स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि ऐसा टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम भी चाहते हैं, जिसमें उनका फोन, लैपटॉप और दूसरे डिवाइस आसानी से कनेक्ट हो सकें। खासकर कामकाजी लोगों के बीच एक से ज्यादा डिवाइस को आपस में जोड़कर इस्तेमाल करने का चलन बढ़ रहा है। मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों और AI की बढ़ती मांग के बीच स्मार्टफोन कंपनियों के सामने उत्पादन लागत को नियंत्रित रखने की चुनौती है। आने वाले समय में इसका असर फोन की कीमतों के साथ-साथ उनके फीचर्स और कॉन्फिगरेशन पर भी देखने को मिल सकता है।
Also read: VIVO ने किया 10,000 MAH बैटरी वाला शानदार नया फ़ोन लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स