RBI New Rules: ATM से पैसे निकालने और कार्ड से पेमेंट करने वाले ग्राहकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नए नियम जारी किए हैं। ये नियम 27 नवंबर से लागू हो गए हैं। इसके तहत फ्री ATM ट्रांजैक्शन की सीमा पहले जैसी रहेगी, लेकिन फ्री लिमिट खत्म होने के बाद बैंक प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम 23 रुपये और टैक्स वसूल सकेंगे।
RBI के नए नियमों के मुताबिक, ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे। फ्री लिमिट खत्म होने पर बैंक अधिकतम 23 रुपये और टैक्स चार्ज कर सकेंगे। बैंक ग्राहकों को फ्री ट्रांजैक्शन खत्म होने की जानकारी देने के लिए अलर्ट भी भेजेंगे।
फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा चार्ज
अगर तकनीकी खराबी, ATM में कैश खत्म होने या नेटवर्क की समस्या के कारण ट्रांजैक्शन फेल होता है, तो ग्राहक से कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। इसे फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट में भी नहीं गिना जाएगा।
PoS मशीन से भी निकाल सकेंगे कैश
ग्राहक डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड कार्ड और UPI के जरिए चुनिंदा मर्चेंट आउटलेट से भी कैश निकाल सकेंगे। इस सुविधा के तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये तक निकाले जा सकेंगे। इसके लिए ग्राहक से अधिकतम 1 प्रतिशत चार्ज लिया जा सकेगा।
कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के नियम भी बदले
RBI के नए निर्देशों के तहत 5,000 रुपये तक के कॉन्टैक्टलेस कार्ड पेमेंट पर अतिरिक्त ऑथेंटिकेशन की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, ग्राहक चाहें तो किसी भी रकम के भुगतान पर PIN का इस्तेमाल कर सकते हैं। बैंक ग्राहकों को कार्ड के ऑनलाइन, इंटरनेशनल और कॉन्टैक्टलेस ट्रांजैक्शन चालू-बंद करने और उनकी लिमिट बदलने की सुविधा भी देंगे।
Also read: वडोदरा में जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध गिरफ्तार, AK-47 और कारतूस बरामद; IAF स्टेशन पर हमले की थी साजिश