Uttarakhand News:उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को राज्यव्यापी मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य के सभी 13 जिलों में यह अभ्यास हुआ। चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल और 3,000 से ज्यादा जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान साहस, धैर्य, समन्वय और संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। उन्होंने अधिकारियों को मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई कमियों का विश्लेषण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से पहले तैयारी, समय पर सूचना और विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। राज्य में AI आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, ड्रोन सर्विलांस, GIS मैपिंग और सैटेलाइट मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल भी बढ़ाया जा रहा है।
भूकंप से लेकर बाढ़ और भूस्खलन तक की हुई मॉक ड्रिल
राज्यभर में आयोजित अभ्यास के दौरान भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने, जंगल की आग, सड़क दुर्घटना और सुरंग में हादसे जैसे परिदृश्यों पर राहत एवं बचाव कार्यों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भगदड़, नदी में डूबने, बिजली गिरने और बांध से अचानक पानी छोड़े जाने जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास भी हुआ।
आपदा प्रबंधन से जुड़ी SOP का विमोचन
मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का भी विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने SDRF, NDRF और अग्निशमन विभाग के आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इसमें थर्मल इमेजिंग कैमरा, नाइट विजन कैमरा, अंडरवाटर ड्रोन, सोनार सिस्टम और हाइड्रोलिक कटर जैसे उपकरण प्रदर्शित किए गए। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल हुई। चार दिवसीय कार्यक्रमों का समापन भी शनिवार को हुआ।
Also read: Uttarakhand News: UCC से लेकर सख्त भू-कानून तक, धामी सरकार ने लिए अहम फैसले