JeM Terrirost Arrested:गुजरात के वडोदरा में गुजरात एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक संदिग्ध ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान असम के करीमगंज निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरउद्दीन के रूप में हुई है। एटीएस के मुताबिक, वह भारतीय वायु सेना (IAF) स्टेशन समेत कई सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले की कथित साजिश रच रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को गुरुवार रात हलोल-वडोदरा रोड पर एक होटल के पास से गिरफ्तार किया गया। वह दाहोद से एक गुप्त स्थान पर रखी AK-47 जैसी राइफल लेकर लौट रहा था। इस तरीके को 'डेड ड्रॉप' कहा जाता है, जिसमें बिना आमने-सामने मिले सामान पहुंचाया जाता है।
मोबाइल में मिले IAF स्टेशन के फोटो
गुजरात एटीएस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन से वडोदरा स्थित IAF स्टेशन के गेट और अन्य महत्वपूर्ण ढांचों की तस्वीरें मिली हैं। तस्वीरों में कुछ स्थानों पर लाल रंग के क्रॉस के निशान भी पाए गए। जांच में पाकिस्तान में बैठे एक कथित हैंडलर से संपर्क की बात भी सामने आई है।
हथियार और अन्य सामान बरामद
एटीएस ने आरोपी के पास से AK-47 जैसी ऑटोमैटिक राइफल, दो खाली मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को हमले के लिए 50 हजार रुपये दिए गए थे। फिलहाल एटीएस मामले में अन्य लोगों की भूमिका और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच कर रही है।
Also read: ट्रेन में हमेशा मिलेगी लोअर बर्थ! टिकट बुक करते समय बस बदल लें ये 4 सेटिंग्स, नीचे की सीट पक्की