Gold-Silver Price:बुधवार यानी 10 जून को सोने और चांदी की कीमतें धड़ाम हो गईं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से सोने और चांदी की मांग में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 4,300 रुपए की गिरावट के साथ 1,56,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
सोने के अलावा, आज चांदी की कीमतों में लगभग 4 फीसदी की भारी-भरकम गिरावट देखने को मिली। चांदी का भाव 10,000 रुपए गिरकर 2,45,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। जानकारों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चा तेल 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और सोने-चांदी के दाम गिर गए।
महंगाई के लंबे समय तक ऊपर बने रहने की आशंका बढ़ी
वहीं, विशेषज्ञ राजकुमार सुब्रमण्यन ने कहा कि तेल की कीमतों में उछाल से महंगाई के लंबे समय तक ऊपर बने रहने और ब्याज दरें ऊंची बनी रहने की आशंका है। इससे निवेशकों के बीच सोने-चांदी खरीदने को लेकर संशय में हैं।
Also read: पेट्रोल से सस्ता होगा E85 फ्यूल! फ्लेक्स-फ्यूल को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने दिया बड़ा बयान
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतें गिरीं
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुधवार यानी 10 जून को हाजिर सोना 90.53 डॉलर यानी 2.13 फीसदी गिरकर 4,168.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। जबकि, चांदी 2.24 फीसदी टूटकर 63.87 डॉलर प्रति औंस पर रही। लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग का कहना है कि डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से सोने और चांदी की मांग पर दबाव पड़ा है, जिससे वैश्विक बाजार में इनकी कीमतों में भारी गिरावट आई है।