Gurugram Noida Air Taxi: भारत में अब ट्रांसपोर्ट का तरीका पूरी तरह बदलने की तैयारी हो रही है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चलता है, तो आने वाले समय में लोग 100 किलोमीटर का सफर सिर्फ 10 से 15 मिनट में तय कर पाएंगे। इसके लिए देश में “एयर टैक्सी” प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू हो गया है। देसी स्टार्टअप सरला एविएशन और इंडिगो ने मिलकर इलेक्ट्रिक फ्लाइंग टैक्सी (eVTOL) प्रोजेक्ट पर साझेदारी की है। इस प्रोजेक्ट के तहत छोटे, इलेक्ट्रिक और बिना रनवे वाले विमान तैयार किए जा रहे हैं, जो सीधे एक जगह से उड़ान भरकर दूसरी जगह उतर सकेंगे।
पहले बड़े एयर टैक्सी नेटवर्क की शुरुआत
इंडिगो ने सरला एविएशन में 10 करोड़ रुपये का निवेश किया है। ये निवेश भारत के पहले बड़े एयर टैक्सी नेटवर्क की शुरुआत माना जा रहा है, जो 300 किलोमीटर तक की दूरी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। यह फंडिंग एक्सेल और निखिल कामथ की लीड वाली राउंड का हिस्सा है। सरला एविएशन द्वारा विकसित एयर टैक्सी पूरी तरह इलेक्ट्रिक है और कम शोर और कम प्रदूषण के साथ काम करती है। इसमें एक साथ 6 यात्री सफर कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक ट्रैफिक और लंबी दूरी की यात्रा की सबसे बड़ी समस्या को हल कर सकती है।
यात्रा के समय में होगा बचत
भारत में अभी 30 से 300 किलोमीटर की दूरी तय करना सबसे मुश्किल माना जाता है, क्योंकि न तो यह बहुत छोटी दूरी होती है और न ही लंबी यात्रा की तरह आसान विकल्प मिलते हैं। एयर टैक्सी इस गैप को खत्म करने की कोशिश है। इस तकनीक की मदद से कई रूट्स पर यात्रा का समय काफी कम हो सकता है। जैसे बेंगलुरु से इलेक्ट्रॉनिक सिटी का सफर 92 मिनट की जगह सिर्फ 10 मिनट में, और गुरुग्राम से नोएडा की दूरी 121 मिनट से घटकर लगभग 15 मिनट में पूरी हो सकती है।
इमरजेंसी सेवाओं में होगा बदलाव
सरला एविएशन और इंडिगो का मानना है कि ये प्रोजेक्ट भारत में ट्रांसपोर्ट, एयरोस्पेस और इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह बदल देगा। हालांकि, इसके लिए सुरक्षा नियम और सरकारी मंजूरी सबसे अहम होगी। अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है, तो भारत में सफर का तरीका हमेशा के लिए बदल सकता है और लोग सड़क और रेल की जगह आसमान से यात्रा करना शुरू कर सकते हैं।
Also read: FSSAI की सख्ती...फलों को पकाने वाले जहरीले केमिकल्स पर कार्रवाई के आदेश