Gold Silver Price: भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। शुक्रवार को भी दोनों कीमती धातुओं के दाम में भारी कमी दर्ज की गई। अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के कारण निवेशकों ने बिकवाली बढ़ा दी, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 2,840 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी के दाम में भी भारी कमी आई और यह 8,040 रुपये टूटकर 2,40,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर मजबूत होने से सोने और चांदी की मांग प्रभावित हुई है, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा।
सर्राफा बाजार रहेंगे बंद
शनिवार को वीकेंड होने के कारण देश के प्रमुख वायदा बाजार और सर्राफा बाजार बंद रहेंगे। ऐसे में शुक्रवार के बंद भाव ही ग्राहकों और कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। जो लोग सोने या चांदी की खरीदारी की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह गिरावट राहत भरी खबर मानी जा रही है। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गुरुवार के 1,53,440 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से फिसलकर 1,50,600 रुपये पर आ गया। वहीं चांदी 2,48,740 रुपये प्रति किलो से गिरकर 2,40,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। यह चांदी का दो महीने से अधिक समय का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में भी गिरावट का असर देखने को मिला। अगस्त डिलीवरी वाला सोना 3,392 रुपये यानी 2.27 प्रतिशत टूटकर 1,45,917 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें काफी दबाव देखने को मिला।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर बनी अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने से निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है। इससे सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की मांग घटी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 1.44 प्रतिशत गिरकर 4,148.45 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.51 प्रतिशत टूटकर 64.73 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा वैश्विक घटनाक्रम और डॉलर की चाल पर निर्भर करेगी। फिलहाल लगातार तीसरे सप्ताह आई गिरावट ने निवेशकों और कारोबारियों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
Also read: Job Alert: बैंकिंग सेक्टर में युवाओं के लिए शानदार मौका, SBI ने निकाली 1500 पदें पर भर्ती; अभी करें आवेदन