Ashish Banerjee Dead: पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता, पूर्व डिप्टी स्पीकर और पांच बार विधायक रहे आशीष बनर्जी शनिवार सुबह बीरभूम जिले में अपने घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। पुलिस ने मौके से एक कथित हस्तलिखित सुसाइड नोट भी बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कथित सुसाइड नोट में राजनीति को बताया गलती
पुलिस के अनुसार, 74 वर्षीय आशीष बनर्जी के पास से एक पन्ने का बंगाली भाषा में लिखा कथित सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने लिखा है कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए। नोट में उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्हें अब लगता है कि राजनीति में आना उनकी जिंदगी की बड़ी गलती थी। उन्होंने अपने परिवार के युवाओं को भी भविष्य में राजनीति से दूर रहने और अपने पेशे पर ध्यान देने की सलाह दी।
भ्रष्टाचार के आरोपों को किया खारिज
कथित नोट में आशीष बनर्जी ने लिखा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी भ्रष्टाचार नहीं किया और किसी काम के बदले पैसे नहीं लिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी के भीतर होने वाली कुछ गलत बातों से सहमत नहीं थे, लेकिन कई बार उनके खिलाफ खुलकर विरोध नहीं कर पाए।
TRDA से जुड़े आरोपों पर सफाई
आशीष बनर्जी ने अपने कथित नोट में तारापीठ-रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी (TRDA) का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि टेंडर, चेक जारी करने, नक्शा मंजूर करने या नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी करने से जुड़े फैसलों में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उनका कहना था कि वह केवल सामान्य बैठकों में शामिल होते थे और उन्हें इन मामलों में कभी शामिल नहीं किया गया।
25 साल तक रहे रामपुरहाट के विधायक
आशीष बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में माने जाते थे। छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहे बनर्जी पेशे से शिक्षक भी रहे थे। उन्होंने 2001 से 2026 तक लगातार 25 साल रामपुरहाट विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में उनका लंबा राजनीतिक सफर थम गया, जब बीजेपी के ध्रुव साहा ने उन्हें 24 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया।
सरकार में संभाल चुके थे अहम जिम्मेदारियां
आशीष बनर्जी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके थे। इसके अलावा ममता बनर्जी सरकार में उन्होंने स्कूल शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली थी। फिलहाल पुलिस उनके निधन के कारणों की जांच कर रही है। कथित सुसाइड नोट की भी जांच की जाएगी ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Also read: BJP vs Congress: राहुल गांधी के बयान पर भड़के राजनाथ सिंह, बोले- विपक्षी नेता का आचरण अस्वीकार्य