
Namo Bharat Corridor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को नमो भारत कॉरिडोर के नए फेज का उद्घाटन करेंगे। 13 किलोमीटर लंबा यह अतिरिक्त फेज साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच स्थित है। इस उद्घाटन के साथ ही नमो भारत ट्रेन पहली बार दिल्ली में प्रवेश करेंगी। बताया जा रहा है कि इस नए फेज के उद्घाटन से दिल्ली से मेरठ के बीच क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को एक नाय आयाम मिलेगा।
बता दें, अभी तक साहिबाबाद और मेरठ दक्षिण के बीच पहले से ही 42 किलोमीटर का मार्ग चालू है। जिसमें 9 स्टेशन शामिल हैं। इस उद्घाटन के साथ ही नमो भारत कॉरिडोर का सक्रिय हिस्सा 55 किलोमीटर में विस्तरित हो जाएगा, जिसमें कुल 11 स्टेशन होंगे।
आज शाम 5 बजे से चलेगी ट्रेनें
पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद आज रविवार 5 जनवरी को शाम 5 बजे से नमो भारत यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। ये ट्रेन प्रत्येक 15 मिनट के अंतराल पर चलेगी। बताया जा रहा है कि इस ट्रेन के चलने से दिल्ली से मेरठ तक यात्रा में लगने वाले समय में एक तिहाई की कमी आएगी। यानी अब यात्री महज 40 से 45 मिनट में दिल्ली से मेरठ पहुंच पाएंगे।
अब अगर इस ट्रेन के किराए की बात करं तो न्यू अशोक नगर से मेरठ दक्षिण तक का किराया सामान्य कोच के लिए 150 रुपये है। वहीं, प्रीमियम कोच के लिए ये किराया 225 रुपये होगा। अब तक नमो भारत ट्रेनों ने 50 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा दी है। अन्य फेजों पर निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
6 किलोमीटर हिस्सा होगा भूमिगत
बताया जा रहा है कि इस नया स्ट्रेच (कॉरिडोर) 6 किलोमीटर भूमिगत है। जिसमें आनंद विहार भी स्टेशन शामिल है। आनंद विहार पर बना भूमिगत स्टेशन नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशन में से एक है। यात्री आनंद विहार से मेरठ साउथ स्टेशन तक मात्र 35 मिनट में पहुंच सकेंगे। बता दें, ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जब नमो भारत ट्रेने किसी भूमिगत मार्ग पर भी चलेगी।
आनंद विहार स्टेशन देगा यात्रा करने की सुविधा
नमो भारत परियोजना में मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन को प्राथमिकता दी गई है। इस परियोजना का मकसद यात्रियों के लिए यात्रा को सहज और सुलभ बनाना है। बता दें, इस परियोजना को पीएम गति शक्ति-राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि इस परियोजना के तहत आनंद विहार स्टेशन का निर्माण तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था। लेकिन नए तकनीक के इस्तेमाल से इसे साकार किया गया है। आनंद विहार स्टेशन से यात्रियों को मेट्रो, आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन के माध्यम से देश के किसी भी कोने में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
नमो भारत ट्रेन में मिलेंगी ये खास सुविधाएं
नमो भारत परियोजना को यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही बनाया गया है। इस परियोजना के तहत यात्रियों को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। जैसे यात्रियों के लिए स्टेशन पर मुफ्त पेयजल और शौचालय की सुविधा होगी। इसके अलावा बुजुर्गों और विकलांग यात्रियों के लिए समावेशी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। सभी स्टेशन पूरी तरह से CCTV कैमरे और आपातकालीन प्रावधानों सहित सुरक्षा सुविधाएं से लैस हैं।
खास बात ये है कि हर ट्रेन में एक कोच महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। इसके साथ दूसरे कोच में भी महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए सीटें आरक्षित रखी गई हैं। सभी यात्रियों की सहायता, समस्याओं और उन्हें बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए हर ट्रेन में एक अटेंडेंट उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए कोच के अंदर और प्लेटफ़ॉर्म स्क्रीन डोर पर एक पैनिक बटन भी दिया गया है। जिसको दबाते ही आपकी मदद के लिए वहां उपलब्ध कर्मचारी तुरंत पहुंच जाएंगे।
अन्य फेजों पर जारी है काम
अभी तक, नमो भारत ट्रेनों ने 50 लाख से ज़्यादा यात्री सफर कर चुके हैं। इसके अलाव अन्य फेजों - न्यू अशोक नगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम में निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर, जो पूरी तरह चालू होने पर ये कॉरिडोर 82 किलोमीटर का हो जाएगा।
इस कॉरिडोर पर ट्रेनों के दौड़ने के बाद लोगों को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। बताया जा रहा है कि इस कॉरिडोर के पूरी तरह से शुरू होने के बाद सड़कों से एक लाख से ज्यादा निजी वाहनों का बोझ कम हो जाएगा। जिससे कार्बन उत्सर्जन में सालाना 2.5 लाख टन से ज्यादा की कमी आएगी।
Leave a comment