Haryana Double Murder Case: हरियाणा से एक बड़ी खबर सामने आई है। सोनीपत पुलिस ने उस खूंखार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने मोहाली के डेराबस्सी में अपने चाचा को मौत के घाट उतारा था। इतना ही नहीं इस आरोपी ने अपने दोस्त को भी बख्शा, पानीपत में उसे गोली मारी थी। आरोपी की पहचान पानीपत के मॉडल टाउन निवासी साहिल मलिक के रूप में हुई है।
दो हत्याओं का आरोपी
बता दें, ये घटना बुधवार शाम की है। जब आरोपी साहिल मलिक ने डेराबस्सी के गांव घोलूमाजरा की सिक्योरिटी एन्क्लेव में अपने चाचा राहुल मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी। दरअसल, उसका अपने चाचा के साथ किसी जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी के चलते उसने चाचा को गोलियों से भून दिया। हत्या के बाद उसने शव को कार में डाला और पानीपत के लिए रवाना हो गया।
वहां पहुंचने के बाद साहिल ने अपने दोस्त अंकुश को फोन कर के सेक्टर 13-17 चौक आने को कहा। दोस्त के पहुंचने पर उसने चाचा की हत्या की पूरी कहानी बताई और शव को ठिकाने लगाने में मदद मांगी। लेकिन दोस्त अंकुश में साथ देने से मना कर दिया। इसी गुस्से में आकर साहिल ने अंकुश को भी गोली मार दी। इसके बाद आरोपी साहिल चाचा और दोस्त के शव को पास के एक नहर में फेंककर वहां से कार लेकर फरार हो गया।
Also read: Haryana news : हरियाणा के इन आठ जिला अस्पतालों में लगेंगी मैमोग्राफी मशीनें, महिलाओं को अपने ही जिले में मिलेगी ये सुविधाएं
पुलिस के चक्रव्यूह में फंसा साहिल
दूसरी तरफ, जब आसपास के लोगों ने नहर के पास शव को देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरु की, जिसमें पूरे मामले का पता चला। जिसके बाद डेराबस्सी पुलिस ने आरोपी की कार का जीपीएस लोकेशन ट्रेस किया और इसकी सूचना कर सोनीपत पुलिस कमिश्नर को दी।
इसके बाद तुरंत सोनीपत की स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और मुरथल थाना पुलिस अलर्ट हो गई और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस ने देर रात भिगान टोल प्लाजा को कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिससे वहां गाड़ियों की लाइन लग गई और इसी तरह आरोपी साहिल की कार भी ट्रैफिक जाम में फंस गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपी साहिल मलिक ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।